Home / पुलिस / अवैध हथियार सप्लाई करने आए बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली…

अवैध हथियार सप्लाई करने आए बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली…

हरिद्वार / बहादराबाद। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर दो अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एंबुश लगा दिया। इस दौरान पुलिस ने विशाल और भूपेंद्र को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जो मुकुल के पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में पकड़कर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र मगता निवासी वाल्मीकि बस्ती, बहादराबाद, भूपेंद्र पुत्र विजय कुमार निवासी मंसूरपुर झोरा, मुजफ्फरनगर और घायल मुकुल पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमोरी, थाना सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस, जबकि भूपेंद्र के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी हरिद्वार ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के संबंध में जानकारी ली और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!