Home / शिक्षा / धूमधाम से मनाया गया शिवडेल स्कूल में दीपावली उत्सव…

धूमधाम से मनाया गया शिवडेल स्कूल में दीपावली उत्सव…

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल एवं स्ववेद प्ले ग्रुप में दीपावली उत्सव हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष परम श्रद्धेय स्वामी शरदपुरी जी महाराज के आशीर्वचनों एवं दीपावली संदेश के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को दीपावली के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। उन्होंने प्रेम, करुणा, सद्भावना और सेवा के भाव अपनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रीटिंग कार्ड निर्माण, हस्तशिल्प, पाक-कला और रंगोली सज्जा जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का विशेष आकर्षण सामाजिक सरोकारों एवं समसामयिक विषयों पर आधारित रंगोलियां रहीं। विद्यार्थियों ने पर्यावरण अनुकूल दीपावली, ऊर्जा संरक्षण, विकसित भारत, अन्नदाता किसान, जल बचाओ-पृथ्वी बचाओ, समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा तथा परंपरा और तकनीक का संगम जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण, किसानों के सम्मान और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जीवनोपयोगी मूल्यों, रचनात्मक सोच और सामाजिक चेतना का विकास करना भी है। त्योहार बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम अपने जीवन में अच्छाई का प्रकाश फैलाने के साथ प्रकृति और समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!