Home / राजनीति / कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के शहादत दिवस और सरदार पटेल की जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन…

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के शहादत दिवस और सरदार पटेल की जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन…

हरिद्वार। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहादत दिवस एवं भारत के प्रथम गृह मंत्री, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर ज़िला महानगर कांग्रेस कमेटी, हरिद्वार की ओर से मायापुर स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में ज़िला महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में उनके योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ज़िला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है, उन्होंने कठिन परिस्थितियों में देश का नेतृत्व करते हुए भारत के स्वाभिमान और सामर्थ्य को नई पहचान दी, गरीबों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की उनकी सोच आज भी जनसेवा के लिए प्रेरित करती है। राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान देश कभी भुला नहीं सकता। उनके शहादत दिवस पर उन्हें याद करना देश के प्रति अपने दायित्वों को समझने और समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहने का संकल्प लेने का भी अवसर है, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई व देश के प्रथम गृहमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं देश को दी।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि इंदिरा गांधी जी ने अपने नेतृत्व से यह स्थापित किया कि जनहित के प्रति स्पष्ट दृष्टि और निर्णय लेने का साहस किसी भी राष्ट्र को मजबूत बना सकता है। उनके राजनीतिक जीवन से कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को यह सीख मिलती है कि जनता का विश्वास निरंतर सेवा, संवेदनशीलता और संघर्ष से अर्जित किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे लोगों की समस्याओं को सुनें, उनके समाधान के लिए आवाज उठाएं और जरूरतमंद व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़े हों। इंदिरा गांधी जी के प्रति हमारी श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब उनके जनकल्याण के विचार हमारी कार्यशैली और व्यवहार में दिखाई देंगे और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत को एकता के सूत्र में बांधने में सरदार पटेल की भूमिका ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। उनकी संगठन क्षमता, प्रशासनिक दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प ने देश को मजबूत आधार प्रदान किया, विविधताओं से भरे भारत को एकजुट रखने की उनकी सोच आज भी हमें दिशा देती है। सरदार पटेल की जयंती पर प्रत्येक नागरिक को यह समझना चाहिए कि राष्ट्रीय एकता की मजबूती समाज में आपसी विश्वास, सद्भाव और एक-दूसरे के सम्मान से आती है। देश के प्रत्येक नागरिक को समान सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर देना इसी विचार को धरातल पर उतारने का मार्ग है,
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता अशोक गुप्ता, लक्ष्मण हाण्डा, ओम मलिक, करन सिंह राणा, शुभम जोशी आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!