
हरिद्वार। श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि०, हरिद्वार की ओर से आयोजित रामलीला के छठे वर्ष में प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के जन्म का दृश्य प्रस्तुत होते ही पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान रामभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। संस्था की ओर से श्रद्धालुओं के लिए मिठाई और फलों की व्यवस्था भी की गई। रामलीला में कलाकारों ने अपने सुंदर एवं भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। लीला में इंद्र की भूमिका कृष्ण चंचल, पृथ्वी माता की भूमिका चिराग मनोचा, ब्रह्मदेव की भूमिका शहीद, अग्निदेव की भूमिका विजय, वरुणदेव की भूमिका कार्तिक भाटिया, पवनदेव की भूमिका अन्नू, भगवान विष्णु की भूमिका प्रकाश शर्मा, नारद मुनि की भूमिका अमित शर्मा, कौशल्या की भूमिका देवांश और सुमित्रा की भूमिका सक्षम ने निभाई। वहीं, कैकेयी सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं से मंचन को आकर्षक बनाया। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ जयकारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी कलाकारों और रामभक्तों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की गई।













