
हरिद्वार। श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि., हरिद्वार के छठे वर्ष के रामलीला मंचन का शुभारंभ भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। प्रथम दिन नारद मोह की लीला का सुंदर मंचन किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय से पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और जय श्री राम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
रामलीला के प्रथम दिन का शुभारंभ भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हरिद्वारअभिनव चौहान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष देव भट्टी, जिला मंत्री शशांक चौहान, हरिद्वार नगर निगम पार्षद दीपक शर्मा एवं पार्षद सचिन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रामलीला के निर्देशक अंकित तिवारी ने बताया कि नारद मोह की लीला में भोला का पात्र जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा भाजपा हरिद्वार भोला शर्मा ने निभाया। वहीं पार्वती का पात्र विकास शर्मा, कामदेव का पात्र श्लोक कुर्ल, नारद का पात्र अमित शर्मा, इंद्र का पात्र कृष्ण चंचल एवं बृहस्पति देव का पात्र अंबर गोयल ने निभाया। मंच संचालन की जिम्मेदारी राजू मनोचा एवं चंद्रशेखर कुर्ल ने संभाली।
नारद मोह की लीला के माध्यम से भक्ति, अहंकार और मोह से जुड़े प्रसंगों को कलाकारों ने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर अमित बोरी, अतुल जुनेजा, सचिन बेदी सहित रामलीला संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि., हरिद्वार के छठे वर्ष की रामलीला को लेकर क्षेत्रवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।













