Home / स्वास्थ / कांग्रेस प्रदेश सचिव रविश भटीजा के नेतृत्व में एसडीपी सुविधा 24 घंटे सुचारू रखने की मांग, अस्पताल अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन…

कांग्रेस प्रदेश सचिव रविश भटीजा के नेतृत्व में एसडीपी सुविधा 24 घंटे सुचारू रखने की मांग, अस्पताल अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन…

हरिद्वार। डेंगू के संभावित प्रकोप और गंभीर बीमारियों में प्लेटलेट्स की आवश्यकता को देखते हुए जिला अस्पताल में सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) की सुविधा को 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में कांग्रेस प्रदेश सचिव रविश भटीजा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक राजेश गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान रविश भटीजा ने कहा कि डेंगू का प्रकोप दस्तक दे रहा है और आने वाले समय में मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा कई गंभीर बीमारियों में भी एसडीपी की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में एसडीपी सुविधा गंभीर मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और जीवनरक्षक सेवा है। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त एसडीपी सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जिला अस्पताल में एसडीपी सुविधा 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित की जाए। इसके लिए पर्याप्त स्टाफ के साथ आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रशिक्षित कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। साथ ही एसडीपी मशीन और इससे संबंधित सभी उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील रखा जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार संबंधी सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल प्रशासन से इस महत्वपूर्ण सेवा को निरंतर उपलब्ध कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर दीपक कपूर, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, अनंत पाण्डेय, दीप सिंह और सुमित सक्सेना उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!