Home / पुलिस / हैप्पी हत्याकांड में एक और मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खून से सनी शर्ट बरामद…

हैप्पी हत्याकांड में एक और मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खून से सनी शर्ट बरामद…

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने हैप्पी हत्याकांड में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक (24) पुत्र वहीद निवासी ग्राम शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद की है। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के भाई कपिल निवासी शान्तरशाह की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा संख्या 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस टीम ने थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के क्षेत्र में छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर इस्तकार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा और खून से सनी शर्ट बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई। पुलिस पूछताछ के अनुसार इस्तकार को शक था कि मृतक ने वर्ष 2022 के एक मामले में पुलिस को उसके बारे में मुखबिरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि मृतक उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी दे रहा था और पैसों की मांग भी कर रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।
बहादराबाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और खून से सनी एक शर्ट बरामद की है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक विकास रावत (प्रभारी चौकी बाजार), उपनिरीक्षक अजय कुमार (प्रभारी चौकी शान्तरशाह), उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल विकास थापा और कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक विकास रावत (प्रभारी चौकी बाजार), उपनिरीक्षक अजय कुमार (प्रभारी चौकी शान्तरशाह), उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल विकास थापा और कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!