
हरिद्वार / पथरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पथरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 566 प्रतिबंधित TRAMADOL/ALPRAZOLAM कैप्सूल-गोलियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष पथरी द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस टीमों द्वारा लिंक रोड, गांव-कस्बों की ओर जाने वाली चकरोडों, हाईवे सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में ग्राम ऐथल क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के आसपास भी चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने पूछताछ एवं चेकिंग के लिए रोका। पुलिस को देखकर उक्त व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 566 प्रतिबंधित TRAMADOL/ALPRAZOLAM नशीले कैप्सूल-गोलियां बरामद हुईं। बरामद नशीली दवाओं के संबंध में आरोपी से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस ने आरोपी तौफीक पुत्र अल्लादिया, निवासी ग्राम ऐथल, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के खिलाफ मु.अ.सं. 479/2026, धारा 8/22 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर, अपर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल नारायण सिंह और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।









