
हरिद्वार। रवासन नदी पर झूला पुल निर्माण की मांग को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने ग्रामीणों के साथ जनजागरण यात्रा निकाली। आर्यनगर गोठ से मंगोलपुरा तिराहे तक निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द पुल निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई गई। विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि वर्ष 2021-22 में झूला पुल के लिए प्रथम किस्त जारी कर दी गई थी, लेकिन चार वर्ष बाद भी सरकार वन विभाग और अन्य आपत्तियों का निस्तारण नहीं करा पाई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में वह कई बार झूला पुल का मुद्दा उठा चुकी हैं। यदि सरकार समय रहते पुल का निर्माण करा देती तो आज जानमाल की अपूरणीय क्षति नहीं होती। इसके लिए उन्होंने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्या को लेकर भाजपा कार्यकर्ता भी अपनी ही सरकार से पुल निर्माण की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं, जो विचारणीय विषय है। कांग्रेस क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर कभी राजनीति नहीं करती। ग्रामीणों के लिए झूला पुल की आवश्यकता को देखते हुए सरकार को तत्काल वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वह ग्रामीणों के साथ अनशन शुरू करने को बाध्य होंगी। यात्रा में कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी, टीकाराम सैनी, शैलेंद्र पाठक, खेम सिंह, चंद्रप्रकाश इंशा, विनोद अधिकारी, अनीस अहमद, सलेक चंद, जग्गी सिंह, जगत पटवाल, विजेंद्र कुणार, महेश्वरी देवी, शकुंतला, विमला देवी, चंद्रवती देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।









