Home / मुख्य ख़बर / कुंभ तैयारी: देर शाम मेलाधिकारी सोनिका ने अपर रोड-हरकी पैड़ी का किया निरीक्षण…

कुंभ तैयारी: देर शाम मेलाधिकारी सोनिका ने अपर रोड-हरकी पैड़ी का किया निरीक्षण…

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर मेला प्रशासन तैयारियों को लगातार धरातल पर परख रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार देर शाम अपर रोड, भूरे वाली खोल तथा हरकी पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षित और त्वरित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित किए जाने की संभावनाओं की पड़ताल की।
मेलाधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों की स्थिति, आपसी कनेक्टिविटी तथा संभावित वैकल्पिक रास्तों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन मार्गों की वर्तमान स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों में इनके उपयोग की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित वैकल्पिक निकासी मार्गों की व्यवहार्यता का परीक्षण करते हुए उनकी चौड़ाई, पहुंच और कनेक्टिविटी का आकलन किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनका फीडबैक भी लिया। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैयर सहित अन्य व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की परिस्थितियों और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा विभिन्न सुझाव दिए। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में स्थानीय लोगों के सुझाव महत्वपूर्ण हैं और व्यावहारिक सुझावों को व्यवस्थाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में सामान्य यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों के लिए वैकल्पिक निकासी मार्गों की पूर्व तैयारी आवश्यक है। प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की त्वरित, सुरक्षित और व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित अन्य अधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!