Home / पुलिस / अकेले रह रहे बुजुर्गों का सहारा बनी पुलिस, कनखल में घर-घर पहुंचकर जानी कुशलक्षेम…

अकेले रह रहे बुजुर्गों का सहारा बनी पुलिस, कनखल में घर-घर पहुंचकर जानी कुशलक्षेम…

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर हरिद्वार पुलिस लगातार संवेदनशील पहल कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना कनखल पुलिस ने क्षेत्र में एकल निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
एसएसपी हरिद्वार ने क्राइम बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की निगरानी करने और उनका ख्याल रखने के निर्देश दिए थे, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसी क्रम में कनखल पुलिस द्वारा ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित किया गया है, जिनके बच्चे नौकरी अथवा व्यवसाय के सिलसिले में देश-विदेश में रहते हैं और बुजुर्ग माता-पिता घर पर अकेले रहते हैं।
कनखल पुलिस ने 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों का थाना स्तर पर रजिस्टर तैयार किया है। पुलिसकर्मियों द्वारा इन बुजुर्गों की नियमित निगरानी की जा रही है और समय-समय पर उनके घर जाकर कुशलक्षेम पूछी जा रही है। इस दौरान पुलिस उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य जरूरतों की जानकारी ले रही है तथा सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में भी सुरक्षा और भरोसे की भावना बढ़ी है। घर पर पुलिसकर्मियों को कुशलक्षेम पूछने पहुंचा देखकर कई बुजुर्ग भावुक नजर आए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि बच्चे दूर होने के कारण वे अक्सर अकेलापन महसूस करते हैं, लेकिन पुलिस के इस तरह घर पहुंचने से उन्हें एहसास हुआ कि उनकी भी किसी को चिंता है। एक बुजुर्ग ने भावुक होकर कहा, “अकेले थे, लेकिन आपको देखकर लग रहा है कि किसी को हमारी भी फिक्र है।”
वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारी कनखल द्वारा की जा रही इस पहल की वरिष्ठ नागरिकों ने सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जिस प्रकार कोविड-19 के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया था, उसी भावना के साथ वर्तमान में भी अकेले रह रहे बुजुर्गों की नियमित निगरानी की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस इसी प्रकार आगे भी अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ खड़ी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!