
हरिद्वार। बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गायों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि तीन गोवंश की मौत की घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की कि मामले की जांच निष्पक्ष एवं त्वरित रूप से की जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने सीओ सिटी के समक्ष कहा कि कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी राजनीतिक प्रभाव अथवा दबाव के कारण कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए, साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि यदि जांच में वाहन चालक की लापरवाही अथवा तेज गति से वाहन चलाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, रानीपुर विधान सभा अध्यक्ष नन्द लाल यादव, विवेक त्यागी आदि शामिल थे।










