हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार स्थित कमलदास कुटिया आश्रम में संत के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट की पूरी घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में कुछ लोग संत के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। मामला आश्रम की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आश्रम के मुख्य महंत ओमप्रकाश शास्त्री ने अपने शिष्य शिव प्रकाश महाराज की चादरपोशी की थी। इसके बाद 24 अगस्त की रात कुछ लोग आश्रम पहुंचे और महंत ओमप्रकाश शास्त्री से बातचीत करने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आश्रम में मौजूद कुछ लोगों ने शिव प्रकाश महाराज के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
महंत ओमप्रकाश शास्त्री ने आरोप लगाया कि उनके शिष्य को चेला बनाए जाने के बाद दूसरा पक्ष नाराज था और आश्रम की संपत्ति को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने अपने शिष्य के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिव प्रकाश महाराज की ओर से भी नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर आश्रम में घुसकर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ दोनों पक्षों की शिकायतों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
आश्रम में संत से मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात; संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला…









