
हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन लगाम के तहत हरिद्वार पुलिस ने लक्सर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 173 अवैध नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग, निगरानी और सुरागरसी-पतारसी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को कोतवाली लक्सर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से दो व्यक्तियों को नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपित नशे के आदी हैं और नशीले कैप्सूल अपने इस्तेमाल के साथ-साथ अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखते थे। पुलिस अब बरामद नशीले कैप्सूलों के स्रोत और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में वसीम अहमद उर्फ सीम्मी पुत्र जाहिद हसन, निवासी नेन्हदपुर सुठारी, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार शामिल है। उसके कब्जे से Dicyclomine HCl, Tramadol HCl & Acetaminophen Capsules के 101 कैप्सूल बरामद किए गए। वहीं दूसरे आरोपित आरिफ पुत्र फुरकान, निवासी मोहल्ला ढाब, सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के कब्जे से इसी प्रकार के 72 कैप्सूल बरामद हुए। दोनों के कब्जे से कुल 173 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यार, व.उ.नि. नितिन चौहान, उ.नि. बीरेन्द्र सिंह नेगी, उ.नि. दीपक चौधरी, हे.कानि. मनोज मिनान, कानि. अजीत तोमर, कानि. किशोर नेगी और कानि. कपिल देव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली लक्सर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। बरामद नशीले कैप्सूलों के स्रोत और इनके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।









