Home / मुख्य ख़बर / कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पेयजल योजनाओं में तेजी, अपर मेलाधिकारी ने लिया जायजा…

कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पेयजल योजनाओं में तेजी, अपर मेलाधिकारी ने लिया जायजा…

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। मेला प्रशासन ने निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता और आमजन की सुविधा पर विशेष जोर दिया है।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने सोमवार को तकनीकी सेल के अधिकारियों के साथ कनखल और उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उत्तराखंड जल संस्थान की ओर से बिछाई जा रही पाइपलाइनों की प्रगति, गुणवत्ता और कार्य की गति की जानकारी ली।
अपर मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को पाइपलाइन बिछाने के काम में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होगी, ऐसे में पर्याप्त और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
उन्होंने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पाइपलाइन के लिए की जा रही खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा। खुदाई वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था करने तथा काम पूरा होने के बाद सड़क और रास्तों को समतल कर आवागमन सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
भूपतवाला क्षेत्र में अपर मेलाधिकारी ने पावन धाम और प्राइमरी पाठशाला पंपिंग पेयजल योजनाओं के पुनर्गठन कार्य का भी निरीक्षण किया। दोनों योजनाओं की प्रगति क्रमशः 85 और 95 प्रतिशत मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य तेजी से पूरा कर योजनाओं को शीघ्र उपयोग में लाने के निर्देश दिए।
दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध पेयजल आपूर्ति महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं की नियमित निगरानी और निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान, सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा, मनोज डबराल, तकनीकी सेल के अभियंता अतुल शांडिल्य समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!