
हरिद्वार। कांवड़ मेला 2026 के निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त नंदन कुमार का सम्मान किया। कृषि उत्पादन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय चोपड़ा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्हें पटका, अंगवस्त्र और रुद्राक्ष की माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान भगवान शिव की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में आगामी कांवड़ मेलों को राष्ट्रीय मेला घोषित किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर सरकार को भेजने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ मेले में पहुंचते हैं, ऐसे में मेले की व्यवस्थाओं को कुंभ और अर्धकुंभ की तर्ज पर विकसित किए जाने की आवश्यकता है।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि कांवड़ मेला 2026 को नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय पार्षदों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। आगामी कांवड़ मेलों की व्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक स्तर पर दिए गए प्रस्तावों पर मेयर किरण जैसल से वार्ता कर आगामी बोर्ड बैठक में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न कार्य लगातार प्रचलित हैं।
संजय चोपड़ा ने कहा कि करोड़ों शिवभक्तों की मौजूदगी के बीच सफाई व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती थी। सीमित संसाधनों और कर्मचारियों के बावजूद नगर आयुक्त नंदन कुमार ने योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्थाओं को संचालित किया, जिसके लिए वह साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने सरकार से आगामी कांवड़ मेलों को कुंभ और अर्धकुंभ की तर्ज पर राष्ट्रीय कांवड़ मेला घोषित करने की मांग की।
नगर आयुक्त के सम्मान कार्यक्रम में तीर्थ मर्यादा रक्षा समिति के सहसंयोजक पंडित मनीष शर्मा, पंजाबी सहायक सभा के संयोजक ओमप्रकाश भाटिया, सामाजिक कार्यकर्ता फूल सिंह, लालचंद गुप्ता, विजय गुप्ता, ओमप्रकाश, मानसिंह, जय सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश कल्याण, उमेश कुमार, लघु व्यापारी नेता नरसिंह कुमार, आजम अंसारी, नईम सलमानी, सोनू, बलवीर, अमित कुमार, मुकेश और विजयपाल आदि मौजूद रहे।










