
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम मयूर दीक्षित ने सम्बंधित विभागों को की जाने वाली तैयारियां एवं व्यवस्थाओं को हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। डीएम द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में संबंधित विभागों द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग एवं पार्किंग स्थलों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
संबंधित विभागों द्वारा कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर अंतिम चरण का कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई एवं अभियंता संजय कुमार ने बताया कि जिला पंचायत द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, इसके साथ ही कांवड़ पटरी मार्ग में स्थाई एवं अस्थाई शौचालय का मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा विद्युत कनेक्शन दिए जाने हैं, हैंडपंप एवं समरसेवल के माध्यम से शौचालय में पानी की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड हरिद्वार ने अवगत कराया कि उनके द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग में झाड़ी कटान कार्य एवं 06 पार्किंग स्थलों पर समतलिकरण एवं झाड़ी कटान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिसमें लालजीवाला, गौरीशंकर, पंतद्वीप, गड्ढा पार्किंग एवं चंडी घाट पार्किंग शामिल हैं, इसके साथ ही शिव भक्तों की सुरक्षा के लिए विभिन्न घाटों पर रेलिंग एवं सुरक्षा चैन लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा सभी घाटों पर साफ-सफाई के साथ काई हटाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग में नहर की तरफ खुले स्थान पर शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार का कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है।
एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला ने बताया है कि कांवड़ पटरी मार्ग एवं शंकराचार्य चौक, ललतारौ पुल एवं सर्वानंद घाट क्षेत्रांतर्गत सीसीटीवी के लिए अवरुद्ध हो रहे पेड़ों की प्लोपिंग का कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 334ए जगजीतपुर सड़क डामरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है साथ ही धनपुरा क्षेत्र ने सड़क किनारे झाड़ी कटान का कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है।
