
उज्जैन। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रम की स्थिति के बीच श्री पंच निर्मोही अखाड़े ने मौजूदा परिषद के नेतृत्व पर अपना भरोसा जताते हुए आगामी कुंभ मेलों में उसके साथ रहने की घोषणा की है। मंगलवार को उज्जैन स्थित निर्मोही अखाड़े में आयोजित परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने की। इस दौरान श्री पंच निर्मोही अखाड़े के श्रीमहंत मदन मोहन दास महाराज, श्रीमहंत भगवान दास महाराज, श्रीमहंत सीताराम दास महाराज सहित सभी पंचों ने मौजूदा अखाड़ा परिषद को अपना समर्थन देने का ऐलान किया।
बैठक के बाद श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि निर्मोही अखाड़े के निमंत्रण पर सभी शैव, निर्मल और उदासीन अखाड़ों के संत-महात्मा एकत्र हुए। विचार-विमर्श के बाद नासिक, हरिद्वार, उज्जैन और प्रयागराज के कुंभ मेलों का आयोजन मौजूदा अखाड़ा परिषद के नेतृत्व में मिलकर करने का निर्णय लिया गया।
वहीं, निर्मोही अखाड़े के श्रीमहंत मदन मोहन दास महाराज ने कहा कि देश में साधु-संतों की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद है, जिसका नेतृत्व श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज और परिषद के महामंत्री हरि गिरी महाराज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्मोही अखाड़े के लाखों साधु-संत और नागा संन्यासी परिषद के साथ हैं तथा आगामी कुंभ मेलों के शाही स्नान में भी इसी नेतृत्व में भाग लेंगे।
बैठक में आनंद अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं परिषद के कोषाध्यक्ष श्रीमहंत शंकरानंद सरस्वती महाराज, जूना अखाड़े के राष्ट्रीय सचिव श्रीमहंत रामेश्वर गिरी महाराज, श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़े के प्रतिनिधि रघु मुनि महाराज, श्री पंच निर्मल अखाड़े के प्रतिनिधि तथा आवाहन, अग्नि सहित विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा भी मौजूद रहे।
