
हरिद्वार / रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए रुड़की क्षेत्र से करीब 980 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस ने 06 जुलाई 2026 को लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार की जांच की। कार में बैठा व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पॉलीथिन में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में मु.अ.सं. 249/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से किसी नशा तस्कर से हेरोइन खरीदकर उसे रुड़की में बेचने के लिए लाया था। पुलिस अब हेरोइन की सप्लाई चेन और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव,
वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील), हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह, कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।
