
हरिद्वार। नजीबाबाद–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। चालक की सूझबूझ और पुलिस व फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार को करीब शाम 4:00 बजे रसियाबड़ के समीप लक्सर से टाटवाला (श्यामपुर) की ओर जा रही टाटा जेस्ट कार (UK07TB/4479) के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गया। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा घेरा बनाया, जिससे अन्य वाहन और राहगीर सुरक्षित रहे। पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का संभावित कारण वाहन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हरिद्वार पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की तकनीकी जांच और सर्विसिंग अवश्य कराएं। साथ ही वाहन के इलेक्ट्रिकल सिस्टम, वायरिंग और फ्यूल पाइपलाइन की नियमित जांच कराते रहें तथा वाहन में अग्निशामक यंत्र रखने का प्रयास करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या फायर ब्रिगेड को सूचना दें।
