
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र पर श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को विभिन्न राज्यों से आए 792 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। पंजीकरण कराने पहुंचे श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित, पारदर्शी और त्वरित व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया सरल, सुगम और सुविधाजनक है।
गुरुवार के पंजीकरण में यमुनोत्री धाम के लिए 116, गंगोत्री धाम के लिए 123, केदारनाथ धाम के लिए 275 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 278 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। हेमकुंड साहिब के लिए आज कोई पंजीकरण नहीं हुआ। इस प्रकार कुल 792 श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पंजीकरण केंद्र पर प्रशासन द्वारा पर्याप्त काउंटर, स्पष्ट मार्गदर्शन, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा की समुचित व्यवस्था तथा कर्मचारियों का सहयोग मिलने से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। कई यात्रियों ने कहा कि प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण पंजीकरण प्रक्रिया कम समय में पूरी हो गई।
जिला प्रशासन के अनुसार ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक 4,61,856 श्रद्धालुओं का चारधाम यात्रा के लिए सफलतापूर्वक पंजीकरण किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं।
