
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र पर चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। मंगलवार को विभिन्न राज्यों से आए 1,640 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया। प्रशासन द्वारा केंद्र पर की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं, त्वरित पंजीकरण प्रक्रिया और यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं की श्रद्धालु खुलकर सराहना कर रहे हैं।
मंगलवार को यमुनोत्री धाम के लिए 335, गंगोत्री धाम के लिए 335, केदारनाथ धाम के लिए 515, बद्रीनाथ धाम के लिए 450 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 05 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया।
ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र से अब तक 4,60,418 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जो यात्रा के प्रति लोगों की आस्था और प्रशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं का प्रमाण है।
यात्रियों ने बताया कि पंजीकरण केंद्र पर पर्याप्त सहायता काउंटर, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और मार्गदर्शन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। कर्मचारियों का सहयोगात्मक व्यवहार और पंजीकरण की तेज प्रक्रिया यात्रियों को बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा शुरू करने में मदद कर रही है।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकृत पंजीकरण केंद्र से ही अपना पंजीकरण कराएं तथा चारधाम यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ उठाएं।
