
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। हर की पैड़ी सहित जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर देर शाम आरती दर्शन तक लगभग 76 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
पुलिस प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं का आगमन देर शाम तक लगातार जारी रहा और स्नान का क्रम भी चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान एवं पूजा-अर्चना के बाद अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि कई श्रद्धालु देर रात तक हरिद्वार पहुंचते रहे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस, प्रशासन, कुंभ मेला प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियां पूरे दिन मुस्तैद रहीं। हर की पैड़ी, प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों और यातायात मार्गों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए थे।
गंगा आरती के दौरान भी हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार स्थिति की निगरानी करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि श्रद्धालुओं का आगमन अभी भी जारी है और स्नान का क्रम लगातार चल रहा है। सभी संबंधित विभाग पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था संचालन में जुटे हुए
