
हरिद्वार। सीनियर सिटीजन फोरम हरिद्वार द्वारा सिडकुल स्थित होटल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 75 वर्ष और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि डॉ. आशीष गौतम, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, एम.के. रैना, एस.के. अग्रवाल, अजीत कुमार जैन, राधिका नागरथ ने संयुक्त रूप से किया ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि सीनियर सिटीजन फोरम हरिद्वार बुजुर्गों को एक जुट कर उनको एक सार्थक मंच प्रदान कर रहा है और उनके जीवन में एक नई दिशा और उमंग का संचार कर रहा है,जो मानवता के लिए बहुत बड़ा कार्य है।
उन्होंने कहा कि आज मुझे यहां आकर इतने सारे बुद्धिजीवी और अपने-अपने समय में राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने वाले बुजुर्गजनों का आशीर्वाद मिला और जिससे मुझमे नई ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन फोरम से जुड़े हुए हमारे बुजुर्ग इंजीनियरिंग, शिक्षा, चिकित्सा तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपने काम को लेकर विख्यात रहे हैं और उन्होंने लंबे समय तक राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाई है।
फोरम के अध्यक्ष अजीत जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि फोरम का गठन मानवीयता के उद्देश्य से किया गया था ताकि बुजुर्गों के जीवन के हर पल का उपयोग समाज के निर्माण में किया जा सके और अपने इस उद्देश्य को धरातल पर उतारने में फोरम सफल रहा है।
अतिथियों का आभार जताते हुए संस्था के सचिव एस.के. अग्रवाल ने कहा कि सीनियर सिटीजन फोरम हरिद्वार का गठन 02 अगस्त 2010 को किया गया था, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों का एकांकी जीवन समाप्त कर उन्हें सामूहिक रूप से एकत्र कर नई ऊर्जा के संचार के लिए किया गया था। ताकि वे अपने जीवन के इस पड़ाव में भी में भी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान प्रदान कर सके और इस मकसद में सीनियर सिटीजन फोरम सफल रहा है। उन्होंने बताया कि आज सीनियर सिटीजन फोरम से लगभग 600 से ज्यादा बुजुर्ग जुड़े हुए हैं। अग्रवाल ने वर्ष भर में आयोजित कार्यक्रमों का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। भविष्य में प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। सह कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से पास किया। मंच का संचालन एस.के. अग्रवाल, सरोज जैन एवं संगीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
चैस प्रतियोगिता के प्रतिभागियों अजीत टंडन, नरेश मनमानी, रमेश चंद्र वाजपेयी को पुरस्कृत किया गया।आयोजक सुभाष मित्रा को भी कमेंट्री के लिए सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
85 वर्ष और उसे अधिक आयु वर्ग में कुल 16 वरिष्ठ जन जिसमें ललित मदान 96 वर्ष तथा शिव नारायण 93 वर्ष के शामिल थे। 75 और उससे अधिक आयु वर्ग में 12 वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण 96 वर्षीय ललित मदान रहे, जिन्होंने दौड़ लगाई और दंड बैठक लगाकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने बताया कि वे बाहर की कोई चीज नहीं खाते हैं। घर में जैविक खेती की सब्जियां खाते हैं और रोजाना पांच आंवले या आंवले का चूर्ण सेवन करते हैं। उन्होंने कहा कि योग गुरु रामदेव का रोज योग का कार्यक्रम देखते हैं और योग करते हैं। रामदेव के द्वारा गाए हुए भजन गाते हैं और उन्होंने रामदेव का गाया एक भजन भी सुनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक जन सम्मिलित हुए।
