
हरिद्वार / शिवालिकनगर। शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 और 13 में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर भाजपा के नामित सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने नगरपालिका प्रशासन पर नाराजगी जताई। सोमवार को उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तारिक खान से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
अतुल वशिष्ठ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार अंत्योदय और जनहित की भावना के साथ कार्य कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड 12 और 13 में नालियों और सड़कों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे मानसून से पहले ही कई स्थानों पर गंदा पानी जमा होने लगा है। इसके अलावा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की कमी और खराब पड़ी लाइटों के कारण रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारना नगरपालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था में तेजी लाने की मांग की।
वहीं अधिशासी अधिकारी तारिक खान ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड 12 और 13 की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष टीम मौके पर भेजी जाएगी तथा सफाई, नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा।
