
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तमंचे के बल पर स्कूटी, मोबाइल, पर्स और नगदी लूटने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त दूसरी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स, नकदी, देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।
23 मई 2026 की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से सिडकुल क्षेत्र से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आए चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स और पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा संख्या 180/2026, धारा 309(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पॉश इलाके में हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए और कोतवाली रानीपुर तथा सीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के दौरान मुख्य सड़कों के बजाय गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उनके स्थानीय होने की आशंका मजबूत हुई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को 31 मई की रात गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर रेगुलेटर पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी सहित रोका गया। स्कूटी पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध मिलने पर इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई तो पता चला कि यह वही स्कूटी (UK08AS/7196) है जो लूट की घटना में छीनी गई थी। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दूसरी स्कूटी (UK08BJ/8816) भी बरामद की, जिसका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का आईक्यूओ मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और दो हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा एक आरोपी के पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस तथा दूसरे आरोपी के पास से चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे, लेकिन समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक सैनी (20 वर्ष) निवासी ऋषिकुल, शिवांश उर्फ विलन (21 वर्ष) निवासी अहमदपुर ग्रांट, लक्की (19 वर्ष) निवासी सिया कॉलोनी राजा गार्डन कनखल तथा वंश चंचल (20 वर्ष) निवासी राजू नगर बस अड्डा हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक चरण सिंह, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, प्रेम सिंह दानू, हरीश राणा, उदय चौहान, नवीन क्षेत्री तथा सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट, वसीम, हरवीर, दीप गौड़, नरेंद्र और उमेश शामिल रहे।
