हरिद्वार। उत्तराखण्ड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने और वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद के चलते रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार की यातायात व्यवस्था पर जबरदस्त दबाव देखने को मिला। चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार होने के कारण हरिद्वार में देशभर से श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है। रविवार और स्कूलों की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक भी हरिद्वार, ऋषिकेश और उत्तराखण्ड के पर्वतीय पर्यटन स्थलों की ओर पहुंच रहे हैं, जिससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शंकराचार्य चौक, चंडी घाट चौक, पंतद्वीप पार्किंग और उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में लंबे जाम की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर वाहनों की कतारें लगी रहीं और पार्किंग तक पहुंचने में लोगों को घंटों का समय लग गया। रविवार को शहर की सभी प्रमुख पार्किंग भी वाहनों से पूरी तरह भर गईं।

चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने आए पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। यात्रियों ने बताया कि शहर में प्रवेश करने के बाद पार्किंग तक पहुंचने में काफी समय लग गया और जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण सड़कों पर अत्यधिक दबाव है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।
यातायात पुलिस और प्रशासन की टीमें व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करती रहीं, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण दिनभर कई स्थानों पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही है। प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
