
हरिद्वार। चारधाम यात्रा अपने चरम पर है तथा वर्तमान समय में तीर्थयात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हो रही है। चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी एवं असुविधा न हो इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को हरकी पौड़ी पहुंच कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देशन दिए कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशील के साथ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किसी भी एक स्थान पर भीड़ जमा न हो, यातायात निरन्तर चलता रहे, कहीं जाम की स्थिति न हो सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की निरन्तर निगरानी कर रहे हैं तथा सभी पुलिस कर्मियों एवं सुरक्षा बलों को यातायात व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन को दुरुस्त रखने के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन सतर्कता से करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
