
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र में शनिवार को विभिन्न राज्यों से आए 7,498 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
जारी पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार, यमुनोत्री धाम के लिए 1,811, गंगोत्री धाम के लिए 1,816, केदारनाथ धाम के लिए 1,878 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 1,993 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए 04 यात्रियों ने अपना पंजीकरण दर्ज कराया।
पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को सबसे अधिक पंजीकरण बद्रीनाथ धाम के लिए हुए, जबकि केदारनाथ और गंगोत्री धाम के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा पंजीकरण कराया।
प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 3,26,930 यात्रियों का चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण किया जा चुका है।
चारधाम यात्रा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
