
हरिद्वार। छोटी सी उम्र में बड़ा सपना और उससे भी बड़ा हौसला लेकर आगे बढ़ रहे 07 वर्षीय निवान ढींगरा ने हरिद्वार का नाम रोशन किया है। हरिद्वार स्थित प्राइवेट स्कूल के छात्र निवान ने स्टेट कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। खास बात यह रही कि पूरे हरिद्वार से इस आयु वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने वाले वह अकेले खिलाड़ी रहे। इससे पहले जिला स्तर की प्रतियोगिता में भी निवान गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
नन्हे खिलाड़ी की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। महज 07 साल की उम्र में निवान का आत्मविश्वास और देश सेवा का जज्बा सभी को प्रभावित कर रहा है। अपनी मासूम और तोतली भाषा में निवान कहते हैं कि उन्हें कराटे बहुत पसंद है और वह बड़े होकर आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
स्कूल प्रबंधन ने भी निवान की मेहनत और लगन की सराहना की। स्कूल प्रशासन का कहना है कि निवान शुरू से ही प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं और खेलों में उनकी रुचि लगातार बढ़ रही है। जिस समर्पण और मेहनत के साथ वह अभ्यास कर रहे हैं, उससे आने वाले समय में वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
निवान की सफलता यह साबित करती है कि यदि बच्चों को बचपन से सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और बेहतर मंच मिले, तो वे छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। हरिद्वार का यह नन्हा कराटे चैंपियन अब भविष्य में और बड़े मुकाम हासिल करने की तैयारी में जुटा हुआ है।
