Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह, गुरुवार को 15,566 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह, गुरुवार को 15,566 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर गुरुवार को दिनभर यात्रियों की भीड़ लगी रही। प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और बेहतर प्रबंधन के चलते पंजीकरण प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित होती रही।
यात्री पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार, आज कुल 15,566 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 3,262, गंगोत्री धाम के लिए 3,310, केदारनाथ धाम के लिए 4,454, बद्रीनाथ धाम के लिए 4,527 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 13 यात्रियों ने पंजीकरण कराया।
चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्र पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं को लगातार सहायता और आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।
श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है और उन्हें किसी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा। कई यात्रियों ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के चलते यात्रा व्यवस्था बेहतर दिखाई दे रही है।
प्रशासन के अनुसार ऋषिकुल मैदान यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 02 लाख 43 हजार 715 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!