
हरिद्वार। सचिव, उद्योग विनय शंकर पाण्डे की अध्यक्षता में उद्योग विभाग, श्रम विभाग और राज्य की विभिन्न इण्डस्ट्रीज एशोसिएशन के प्रतिनिधियों की सिडकुल कार्यालय, देहरादून में बैठक हुई।
बैठक में सचिव, उद्योग द्वारा सर्वप्रथम श्रमिक असंतोष के प्रकरणों पर चर्चा की गयी तथा एशोसिएशन के प्रतिनिधियों को निर्देश दिये गये कि वे श्रमिकों के साथ नियमित अन्तराल पर संवाद स्थापित करें, ताकि श्रमिक असन्तोष की घटनांए न हों।

श्रम आयुक्त, उत्तराखण्ड पी.सी. दुम्का द्वारा श्रमिक असंतोष के मुख्य बिन्दुओं से बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। मुख्य बिन्दुओं में अतिकाल का भुगतान, न्यूनतम वेतन के संबंध में स्पष्टता, स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों के सबंध में बेहतर व्यवस्थांए, शिकायत निवारण समिति का गठन, मंहगाई भत्ते के एरियर दिये जाने पर चर्चा हुई। सचिव, उद्योग द्वारा उपस्थित एशोसिएशन के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे तत्काल प्रभाव से अपने प्रतिष्ठानों में श्रम संहिताओं के अनुरूप शिकायत निवारण समिति का गठन करेगें, ताकि श्रमिकों से नियमित अन्तराल पर संवाद किया जा सके। राज्य सरकार द्वारा नान-इन्जीनियरिंग इकाईयों के लिए परविर्तनीय मंहगाई भत्ता घोषित किया गया है। परिवर्तनीय मंहगाई भत्ते के एरियर (बकाया) के संबंध में प्रतिष्ठानों को 10 दिन के अन्दर संगणना करने का निर्देश दिया गया एवं संगणना के उपरांत एरियर का भुगतान श्रमिकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। यह निर्देश भी दिये गये कि कारखानों में एम्बुलेन्स की सुविधा भी रहे तथा यदि 10 से कम कर्मकार हैं, तो वहां पर 108 सुविधा का उपयोग आपातकालीन परिस्थितियों में किया जाए। कर्मकारों को नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश दिये जाने के निर्देश भी सचिव उद्योग द्वारा दिये गये।
उद्योगों के प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके द्वारा श्रम कानूनों का अनुपालन किया जा रहा है और वे शिकायत निवारण समिति का गठन सुनिश्चित कर श्रमिकों से नियमित अन्तराल पर संवाद करेगें। सचिव, उद्योग द्वारा यह भी अपेक्षा की गयी कि सभी उद्योग अपने प्रतिष्ठानों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने हेतु यथा संभव प्रयास करेगें तथा श्रम कानूनों का अनुपालन सुनिश्चित करेगें।
बैठक में महानिदेशक, उद्योग, सौरभ गहरवार, श्रम आयुक्त, पी.सी. दुम्का, अपर श्रम आयुक्त अनिल पेटवाल, महाप्रबन्धक, सिडकुल पूरण सिंह राणा तथा विभिन्न इण्डस्ट्रीज एशोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
