Home / मुख्य ख़बर / ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर बुधवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 12,326 यात्रियों ने कराया चारधाम यात्रा पंजीकरण…

ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर बुधवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 12,326 यात्रियों ने कराया चारधाम यात्रा पंजीकरण…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर बुधवार को भारी संख्या में यात्रियों ने पहुंचकर यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। बुधवार को 12,326 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।
पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 2,617, गंगोत्री धाम के लिए 2,636, केदारनाथ धाम के लिए सर्वाधिक 3,684 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 3,389 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए बुधवार को भी कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
चारधाम यात्रा के प्रति देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से काउंटरों की संख्या बढ़ाने, पेयजल, बैठने और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
प्रशासन के अनुसार ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 1,30,793 यात्री चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा सीजन को देखते हुए आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य पंजीकरण अवश्य कराएं तथा मौसम और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!