Home / मुख्य ख़बर / ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रशासनिक व्यवस्थाओं की यात्रियों ने की सराहना…

ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रशासनिक व्यवस्थाओं की यात्रियों ने की सराहना…

हरिद्वार। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर मंगलवार को भी देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यात्रा पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को कुल 9603 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। इनमें सबसे अधिक 2904 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के लिए पंजीकरण कराया, जबकि बद्रीनाथ धाम के लिए 2637, गंगोत्री धाम के लिए 2038 तथा यमुनोत्री धाम के लिए 2024 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए मंगलवार को भी कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 01 लाख 18 हजार 467 यात्रियों का पंजीकरण किया जा चुका है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद पंजीकरण केंद्र पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित दिखाई दे रही हैं। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिल रही है।
श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल और व्यवस्थित हुई है। जिला प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!