Home / मुख्य ख़बर / मां चंडी देवी मंदिर पहुंचे डीएम और एसएसपी, सुरक्षा और सफाई व्यवस्थाओं का लिया जायजा…

मां चंडी देवी मंदिर पहुंचे डीएम और एसएसपी, सुरक्षा और सफाई व्यवस्थाओं का लिया जायजा…

हरिद्वार। मां चंडी देवी मंदिर के दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार से कोई परेशानी एवं असुविधा न हो तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत एवं मंदिर मार्ग एवं मंदिर परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो तथा मंदिर परिसर में किसी प्रकार से कोई अतिक्रमण न हो इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने धरातल पर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रबंधक बीकेटीसी एवं मंदिर समिति को निर्देश दिए कि मां चंडी देवी के दर्शन करने पहुंचे रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, मंदिर में किसी भी तरह से कोई अव्यस्था न हो, पंक्तिबद्ध ढंग से सुगमता के साथ सभी भक्तों को दर्शन कराए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सुरक्षा में तैनात किए गए सभी सुरक्षा कर्मियों के आईकार्ड जारी किए जाए तथा सभी सुरक्षा कर्मी वर्दी में तैनात रहें। इस दौरान जिलाधिकारी ने मां चंडी देवी मंदिर के दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम ली तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का फीड बैक लिया। श्रद्धालुओं ने उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि मंदिर परिसर के आसपास वन क्षेत्रांतर्गत काफी कूड़ा-कचरा फैला हुआ है जिसके लिए उन्होंने दूरभाष के माध्यम से प्रभागीय वन अधिकारी को साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए है कि मंदिर परिसर में कोई अतिक्रमण न हो, यदि किसी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण किया गया है तो वन विभाग द्वारा निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में दुकान संचालित कर रहे सभी दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा एकत्रित हो रहे कूड़े-कचरे के उचित निस्तारण हेतु सभी को डस्टबिन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रबन्धक बीकेटीसी एवं प्रभारी निरीक्षक पुलिस को निर्देश दिए कि मंदिर समिति में तैनात सुरक्षा कर्मियों एवं कार्मिकों का सत्यापन कर लिए जाए तथा सभी सुरक्षा कर्मियों एवं कार्मिकों को आईकार्ड जारी किए जाएं, इसके साथ ही दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं का भी डाटा रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, महंत भवानी नन्द गिरी, प्रबन्धक बीकेटीसी विशाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, ट्रस्टी आकाश कुसुम बछेती आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!