
हरिद्वार। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया।
आज एक ही दिन में कुल 6,083 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करवाया। धामवार पंजीकरण की बात करें तो यमुनोत्री धाम के लिए 1,352, गंगोत्री धाम के लिए 1,364, केदारनाथ धाम के लिए 1,731 और बद्रीनाथ धाम के लिए 1,636 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। वहीं हेमकुंड साहिब के लिए आज भी कोई पंजीकरण दर्ज नहीं हुआ।
पंजीकरण केंद्र पर विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही देखने को मिली। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
गौरतलब है कि ऋषिकुल मैदान स्थित इस पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 54,607 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि इस वर्ष यात्रा में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रशासन भी यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है।
