
हरिद्वार। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर हरिद्वार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। चंद्राचार्य चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, नारेबाजी की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश के पंचायती राज, आयुष एवं आपदा मंत्री मदन कौशिक ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि जिस पश्चिम बंगाल की धरती से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ आंदोलन की शुरुआत की थी, आज उसी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का श्रेय समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस जीत के पीछे हजारों कार्यकर्ताओं का त्याग और बलिदान है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्र ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के जनादेश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता प्रधानमंत्री के राष्ट्रवाद और सुशासन पर भरोसा करती है। यह जीत विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का करारा जवाब है।
प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में भाजपा की बढ़त और असम में मजबूत वापसी से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में भी भाजपा इसी प्रदर्शन को दोहराएगी।
कार्यक्रम में पार्षद राजेश शर्मा, राजकुमार अरोड़ा, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, अनिल कुमार, मृदुल शास्त्री, सिंघल, मंजू रावत, सरोज जाखड़, राहुल शर्मा, गौरव भाटिया, पार्थ दुबे, करण वर्मा, सुनील सैनी, सिद्धार्थ कौशिक, निशा नौडियाल, गुलशन अरोड़ा, ए.वी. भारती, रविकांत शर्मा, मनोज शर्मा, निर्मल भट्ट, श्याम बाबू शर्मा, अशोक गिरी, पवन दबोड़िया, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, योगेंद्र पाल, रवि, अंकित रघुवंशी, सुभाष जांगिड़ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
