
हरिद्वार / रुड़की। शहर में देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक रूप देखने को मिला, जब एक आई-10 कार ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां बीएसएम की ओर से मालवीय चौक की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई।
जानकारी के अनुसार, बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद भी कार चालक नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे की हालत में था और कार में एक युवती भी सवार थी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
