
हरिद्वार। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्र व्यापी कार्यक्रम “हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम अभियान” के अन्तर्गत रविवार को देश के विभिन्न प्रान्तों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ ही स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि समर्पित की गईं। हरिद्वार जिले में अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर, वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद तथा हरिद्वार में आयोजित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर में मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद भी सम्पन्न हुआ, जहाँ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान ने ध्वजारोहण किया, ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद अपर जिलाधिकारी चौहान, जितेन्द्र रघुवंशी तथा वेद प्रकाश आर्य ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, तत्पश्चात उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि समर्पित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को सम्बोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा हर महीने प्रथम रविवार को देशभर में आयोजित यह अभियान नई पीढ़ी के अन्दर देशभक्ति की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ऐसा हमारा विश्वास है, उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान तथा उनके उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने देश के विभिन्न स्थानों पर सम्मिलित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 16 अप्रैल को जिलाधिकारी सभागार में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष जो भी बिन्दु रखे गए, उन बिन्दुओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा तत्काल ही कार्यवाही आरंभ कर दी गई है।
स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों की समस्याओं से सम्बन्धित सभी विभागों को निर्देश पत्र जारी कर दिए गए हैं। रघुवंशी ने बताया कि शहीद जगदीश वत्स पार्क के सौन्दर्यीकरण, अमर शहीद जगदीश वत्स की जयन्ती 25 जुलाई को भव्यता के साथ मनाने, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का चिकित्सालयों में समुचित नि:शुल्क इलाज करने, परिचय पत्र सुगमता से बनाने तथा सम्मान पेंशन की कार्यवाही निर्धारित समय सीमा के अन्दर करने और सेनानी परिवारों के साथ शिष्टता का व्यवहार करने, आवासहीन सेनानी परिवारों को भूखण्ड उपलब्ध कराने, सभी स्वतंत्रता सेनानी स्तंभों तथा शहीद स्थलों की स्वच्छता एवं प्रथम रविवार के कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के उपस्थित रहने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के सम्मान पेंशन पाने वाले उत्तराधिकारियों का जीवित प्रमाण पत्र उनके आवास पर ही पहुँच कर प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं के संदर्भ में जिलाधिकारी कार्यालय से सम्बन्धित विभागों को निर्देश पत्र जारी कर दिए गए हैं। रघुवंशी ने इन कार्यक्रम में शामिल देश के पराक्रमी भाई-बहनों से निवेदन किया कि अपने अपने स्तर पर अपने जिले के जिलाधिकारियों के समक्ष इसी प्रकार सेनानी परिवारों की समस्याओं को रखें, यदि आपके यहाँ हर महीने के प्रथम रविवार के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं और सेनानी परिवारों की अच्छी उपस्थिति रहती है तो निश्चित रूप से हर समस्या का समाधान होगा।
इस अवसर पर राष्ट्रपति से सम्मानित हरितऋषि विजय पाल सिंह बघेल ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा देशभर में देशभक्ति की धारा प्रवाहित करने के लिए जो प्रयास किया जा रहा है, हम उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा करते हैं। सुरेश चन्द्र सुयाल ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आजादी की दूसरी लड़ाई है, इस अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने वाले स्वर्णिम इतिहास में अपना नाम दर्ज कराएंगे।
महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय गेंदन लाल कटियार की जयन्ती पर उनके सुपुत्र संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश आर्य ने पिताजी के संघर्षपूर्ण जीवन की गाथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार अंग्रेजों के द्वारा दी गईं यातनाओं को सहते हुए अंग्रेजी सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए पिताजी डटे रहे। इतना ही नहीं आजादी के बाद भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर योगदान देते रहे।
शहीद जगदीश वत्स पार्क में आज सुरेश चन्द्र सुयाल, पद्मा देवी आर्य, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कैलाश चन्द्र वैष्णव, प्रमेश चौधरी, जोगिंद्र तनेजा, चन्द्र प्रकाश मगन, धीरज शर्मा, बी.एस. बुटोला, बालकिशन शर्मा, अशोक चौहान, वरिष्ठ पत्रकार शशि शर्मा, पद्मा देवी आर्य, मधु बाला, शालिनी वर्मा तथा श्रग्नी वर्मा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
