
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन रिकवरी” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना सिडकुल क्षेत्र से 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹36 लाख से अधिक आंकी गई है। पुलिस द्वारा लगातार लोगों के खोए मोबाइल लौटाने की मुहिम के तहत की गई इस कार्रवाई में CEIR पोर्टल बेहद प्रभावी साबित हुआ, जिसकी मदद से पुलिस टीम ने देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोन की सफल रिकवरी की। बरामद फोन में सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के मोबाइल भी शामिल हैं, जबकि कई स्थानीय निवासियों के फोन भी वापस मिले हैं। जिन लोगों ने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उनके चेहरों पर सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई से फिर से मुस्कान लौट आई है। इस सराहनीय कार्य के लिए आमजन द्वारा हरिद्वार पुलिस की जमकर प्रशंसा की जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है तो उसे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं और मोबाइल खोने की स्थिति में अनिवार्य रूप से रिपोर्ट दर्ज कराएं। बरामद मोबाइल फोन में iPhone 2, Oppo 27, Nothing 8, Samsung 25, Realme 29, Mi 7, Vivo 32, OnePlus 16 और Infinix 6 फोन शामिल हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना अध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक विकास रावत और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की अहम भूमिका रही।
