
हरिद्वार। सिडकुल स्थित एक होटल में पी. दीक्षित मैनेजमेंट एंड प्रोडक्शन के बैनर तले “वंदे मातरम” थीम पर भव्य और सफल फैशन एवं मॉडलिंग शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 50 प्रतिभाशाली युवाओं, उभरते मॉडलों और फैशन प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्था के अध्यक्ष प्रणय दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित इस शो ने प्रतिभागियों को अपने आत्मविश्वास, स्टाइल, व्यक्तित्व और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का शानदार मंच दिया। आकर्षक रैंप वॉक, प्रेरणादायक प्रस्तुतियों और दर्शकों के उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में को-ऑर्गनाइज़र एवं ग्रूमर डिजाइनर सूफी साबरी की अहम भूमिका रही। ग्रैंड फिनाले में जूरी के रूप में मिस्टर डी सी इंडिया शुभांग वालिया, सीनियर मिस्टर डी सी इंडिया सुशील जांगड़ा और टॉप मॉडल मीनाक्षी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के विजेताओं में मिस्टर इंटरनेशनल स्टार फिल्म इंडिया अभिषेक जायसवाल, मिस्टर स्टार फेम इंडिया 2026 पीयूष शर्मा, सीनियर स्टार फेम इंडिया 2026 गोपाल सक्सेना, मिस स्टार फिल्म इंडिया 2026 मुस्कान सिद्दीकी, मिसेज स्टार फेम इंडिया शिवांगी शर्मा और मिस किड्स स्टार फिल्म इंडिया दर्शिता सैनी शामिल रहे।
मुख्य अतिथि समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम” थीम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना भी जागृत होती है।
कार्यक्रम की सफलता पर आयोजक प्रणय दीक्षित ने सभी प्रतिभागियों, जूरी सदस्यों, डिजाइनरों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह शो केवल फैशन का मंच नहीं, बल्कि सपनों, आत्मविश्वास और अवसरों का उत्सव है।
इस अवसर पर देश के कई प्रतिष्ठित डिजाइनरों जैसे सूफी साबरी, किंग सुक भादुरी, गौरव गुप्ता, हिमानी भारद्वाज, कियारा-रोहन, अजय शाह और रुद्र प्रकाश सहित करीब 15 डिजाइनरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
लेखिका एवं विचारक डॉ. राधिका नागरथ ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
यह सफल आयोजन हरिद्वार में फैशन और मॉडलिंग इंडस्ट्री के लिए एक प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
