हरिद्वार / मंगलौर। हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में टाटा धर्म कांटे के पास स्थित एक कबाड़ के गोदाम में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के अन्य गोदामों तक फैलने से रोक दिया।
हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा भारी मात्रा में कबाड़ जलकर खाक हो गया, जिससे बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि आग के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
👉 प्रशासन ने आसपास के व्यापारियों और लोगों से सतर्क रहने और आग से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की है।
