
हरिद्वार। रोटरी क्लब हरिद्वार ने अपने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान अभियान के तहत एक और सफल शिविर का आयोजन किया। यह शिविर IP-4, बेगमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कंपनी परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में रक्त संग्रह के लिए हिमालयन हॉस्पिटल, जॉली ग्रांट के ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान ब्लड बैंक की ओर से सुधीर जोशी और डॉ. रोलिका नौटियाल की टीम मौजूद रही, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया।
कार्यक्रम की जिम्मेदारी पीपी रो. बी. एम. गुप्ता ने संभाली, जबकि ब्लड डोनेशन कमेटी के डायरेक्टर पीपी रो. मनोरंजन सुबुद्धि ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शिविर में कुल 54 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसके साथ ही चालू रोटरी वर्ष में रोटरी हरिद्वार द्वारा किए गए कुल रक्तदान का आंकड़ा बढ़कर 705 यूनिट तक पहुंच गया है।
रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से न केवल रक्त संग्रह कर रही है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का भी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के महत्व और इसके लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करना और उन्हें प्रेरित करना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर रोटरी हरिद्वार के बी. एम. गुप्ता, अरविंद अग्रवाल, अरविंद सिंह राजोरा, विनीत सिंघल, पीयूष मित्तल, डॉ. नीला मधबा साहू और गंगाधर नायक सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
