हरिद्वार। चारधाम यात्रा के कपाट खुलने से पूर्व धर्मनगरी हरिद्वार से यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। शनिवार प्रातः मायादेवी मंदिर पार्किंग से लगभग 250 श्रद्धालुओं का पहला जत्था चारधाम यात्रा के लिए रवाना किया गया। इससे पूर्व श्रद्धालुओं ने माया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर विधि-विधान के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।
गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जयकारे लगाते हुए चारधाम यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने यात्रा से पहले मां माया देवी से सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की। हरिद्वार के ट्रैवल कारोबारियों ने इस वर्ष यात्रा को लेकर संतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि उत्तराखंड सरकार द्वारा चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन की सीमित संख्या की बाध्यता समाप्त किए जाने से व्यवस्थाओं में सुधार होगा और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हरिद्वार टूर ऑपरेटर्स एंड ट्रैवल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय शुक्ला ने सरकार के निर्णय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे यात्रियों के बीच बना संशय समाप्त हुआ है और बुकिंग में तेजी आई है। सरकार के निर्णय से यात्रियों की संख्या में वृद्धि होना तय है और सभी ट्रैवल कारोबारी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष चारधाम यात्रा पूर्व के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। एसोसिएशन के सचिव गिरीश भाटिया ने बताया कि शनिवार को मायादेवी मंदिर प्रांगण से मां मायादेवी, मां मनसा देवी एवं मां गंगा का आशीर्वाद लेकर पहला जत्था रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि पूरे हरिद्वार से लगभग एक हजार वाहन चारधाम यात्रा के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
इस अवसर पर इकलाब सिंह, उमेश पालीवाल, गुरचमन सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा, अरविंद खनेजा एवं हरीश भाटिया, अर्जुन सैनी सहित अनेक ट्रैवल कारोबारी यूनियनों से जुड़े कारोबारी उपस्थित रहे।
