
हरिद्वार। भगवान परशुराम शोभायात्रा के आयोजन को लेकर श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने मायादेवी मंदिर में बैठक का आयोजन किया। मंदिर के पुजारी भास्कर पुरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शोभायात्रा को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने पर चर्चा करते हुए श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 अप्रैल को आयोजित की जा रही शोभायात्रा में देशभर के साधु-संतों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने ब्राह्मण समाज से परशुराम जयंती के अवसर पर यूजीसी रोल बैक के समर्थन में बैनर लगाकर अपना विरोध दर्ज कराने की अपील भी की। पुजारी भास्कर पुरी ने बताया कि भगवान परशुराम शोभायात्रा में भगवान परशुराम की शस्त्र कला का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा से पूर्व सभी साधु-संत एकत्र होकर भगवान परशुराम की आरती करेंगे और विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। भागवताचार्य पवन कृष्ण शास्त्री ने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर मां गंगा की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। 51 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा पाठ एवं आरती के साथ जयंती मनाने के साथ आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। बैठक में श्रीमहंत आकाश गिरी, पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, स्वामी कार्तिक गिरी महाराज, शीतल उपाध्याय, सचिन पैनुली, ऋषि शर्मा, जलज कौशिक, रूपेश कौशिक, रोहित गिरी एवं सत्यम शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
