
हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत गंगा की निर्मलता, पर्यावरण की सुरक्षा और नागरिक सेवाओं के सुदृढिकरण के लिए अनेक कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मेला प्रशासन ने हरिद्वार के श्मशान घाटों के सुधार एवं सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कनखल एवं खड़खड़ी स्थित श्मशान घाट सेवा समितियों के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक कर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
सीसीआर भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर मेला अधिकारी दयानन्द ने की। उन्होंने बताया कि आगामी कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण कुंभ क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके साथ ही कुंभ नगरी के सौंदर्यीकरण, गंगा नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक नगरी है, जहां मोक्ष प्राप्ति के लिए दूर-दराज से भी शवों को दाह संस्कार हेतु लाया जाता है। इसको ध्यान में रखते हुए श्मशान घाटों के सुधार एवं विस्तार की आवश्यकता है। बैठक में खड़खड़ी और कनखल श्मशान घाट सेवा समितियों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा उनकी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
अपर मेला अधिकारी ने बताया कि कुंभ मेला मदों से दोनों श्मशान घाटों में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। बैठक में हुए विचार विमर्श में खड़खड़ी श्मशान घाट पर चिमनियों की ऊंचाई बढ़ाने, शवदाह प्लेटफार्म के आधुनिकीकरण तथा प्रतीक्षालय निर्माण जैसे कार्य कराए जाने का निश्चय किया गया। वहीं कनखल श्मशान घाट में भी सेवा समिति के सुझावों के अनुरूप सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिये कई काम कराए जाने पर सहमति बनी।
अपर मेलाधिकारी ने कहा कि इन दोनों श्मशान घाटों में घेराबंदी, सुरक्षा प्रबंध, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कनखल एवं खड़खड़ी श्मशान घाटों में गैस आधारित शवदाह गृह की स्थापना के प्रस्ताव को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) द्वारा सहमति प्रदान की जा चुकी है, जिसकी औपचारिक स्वीकृति शीघ्र प्राप्त होने की संभावना है।
अपर मेला अधिकारी ने सेवा समितियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें श्मशान घाटों के बेहतर प्रबंधन के माध्यम से गंगा नदी एवं पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में खड़खड़ी श्मशान घाट सेवा समिति के अध्यक्ष जगत सिंह, कनखल श्मशान घाट सेवा समिति के महामंत्री रामकुमार मिश्रा, संरक्षक प्रदीप चौधरी, अश्विनी गुप्ता, जतिन हांडा, शुभम अग्रवाल सहित अधिशासी अभियंता (सिंचाई) श्री अनुभव नौटियाल, अधिशासी अभियंता (ग्रामीण निर्माण विभाग) दिनेश कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
