
हरिद्वार। सोमवार को हरिद्वार में एक भीषण सड़क हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:45 बजे प्रेमनगर फ्लाईओवर के पास एक मिराज कार ने इंडियन ऑयल के टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
हादसे में 06 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीपीयू और यातायात पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहन और एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया, जहां सभी का इलाज जारी है।
मौके पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन और एनएच हाइड्रा मशीन की सहायता ली गई, जिसके बाद सड़क से दोनों वाहनों को हटाकर थाना कनखल के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था को फिर से सामान्य कर दिया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
