
हरिद्वार। गुरुवार को एक जरा सी कोशिश संस्था द्वारा कन्या गुरुकुल की छात्राओं के लिए गुरुकुल विश्वविद्यालय के संस्कृति एवं पुरातत्व सभागार में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय “शिक्षित बेटी, सशक्त राष्ट्र” रहा, जिसमें छात्राओं को शिक्षा, करियर, स्वास्थ्य, सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्राओं के सवालों के जवाब दिए और युवा नेतृत्व तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं के लिए राजनीति में विशेष अवसर सुनिश्चित किए जा रहे हैं और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण की व्यवस्था महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है।
मंत्री ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और राजनीति सहित हर क्षेत्र में आगे आएं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप, प्रशिक्षण और लोन योजनाओं के माध्यम से निरंतर अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल पहला कदम उठाने और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता है।
संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को पहचानकर उन्हें साकार करने की दिशा में साहसपूर्वक आगे बढ़ने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग बहादराबाद ब्लॉक से पहुंचीं डॉ. आरती बहल ने छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, पोषण और बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बेहतर जीवनशैली अपनाकर स्वास्थ्य को मजबूत बनाए रखने के उपाय बताए।
महिला हेल्पलाइन इंचार्ज अंजना चौहान ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए पुलिस द्वारा संचालित सुरक्षा कार्यक्रमों, गौरा शक्ति ऐप, तथा हेल्पलाइन नंबर 1090 और 1930 की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल युग में बेटियों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
जिला प्रोजेक्ट मैनेजर ग्रामोत्थान संजय सक्सेना ने छात्राओं को स्टार्टअप योजना, लोन व्यवस्था और विशेषज्ञ सलाह के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए कन्या गुरुकुल की प्रभारी सुश्री सुरेखा राणा ने कहा कि इस प्रकार की बहुउपयोगी कार्यशालाएं छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर अभिषेक गौतम, सरिता नौटियाल, दीपा शर्मा, शहजान, शगुन, अशोक कुमार कश्यप, मिथुन कुमार, अनुराग, दीपक, निखिल बिश्नोई, डॉ. पूनम पेनोली, इंदु गौतम, डॉ. सुनीता, डॉ. सुनीता रानी, डॉ. नेहा कौशिक, कांता जी, शांता जी सहित कन्या गुरुकुल के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
