
उत्तराखण्ड / देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। सड़क पर दो वाहनों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया, जिसकी चपेट में मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर जोशी आ गए। घटना के बाद पुलिस ने सख्ती के साथ कार्रवाई शुरू कर दी है। एक पक्ष के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गोली चलाने वाले दूसरे पक्ष की तलाश जारी है।
एसएसपी देहरादून परमेंद्र डोभाल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई। बताया जा रहा है कि मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन सवार लोगों के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए टायरों पर फायरिंग कर दी।
इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी को एक गोली जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
