
हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक नई नवेली कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा सिडकुल से शिवालिक नगर की ओर आते समय हैवेल्स कंपनी के सामने हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।
सूचना के मुताबिक, कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिडकुल क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ऐसे हादसे आम होते जा रहे हैं।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए।
